BRICS Summit से पहले मोदी-पुतिन की 11 सितंबर को दिल्ली में अहम बैठक, किन बड़े मुद्दों पर होगी चर्चा?

BRICS Summit से पहले मोदी-पुतिन की 11 सितंबर को दिल्ली में अहम बैठक, किन बड़े मुद्दों पर होगी चर्चा?

PM Modi-Putin Meeting: नई दिल्ली में 12-13 सितंबर को होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन से एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच उच्चस्तरीय द्विपक्षीय वार्ता होगी। यह बैठक शुक्रवार, 11 सितंबर को होगी। क्रेमलिन के प्रवक्ता दमित्री पेसकोव ने बैठक की पुष्टि करते हुए कहा है कि मॉस्को भारत के साथ अपने रणनीतिक संबंधों को अत्यंत महत्वपूर्ण मानता है।

रुपया-रूबल में हो रहा ज्यादातर व्यापारिक भुगतान

क्रेमलिन प्रवक्ता दमित्री पेसकोव ने भारत और रूस के बीच बढ़ते व्यापारिक संबंधों का भी उल्लेख किया। उनके मुताबिक, दोनों देशों के बीच ज्यादातर व्यापारिक भुगतान अब राष्ट्रीय मुद्राओं यानी रुपया और रूबल में किया जा रहा है।

भारत और रूस के बीच सहयोग कई अहम क्षेत्रों में जारी है। इनमें सुरक्षा, स्पेस, ऊर्जा, परिवहन और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी शामिल हैं। पेसकोव के अनुसार, दोनों देशों के शीर्ष नेता लगातार एक-दूसरे के संपर्क में हैं और हाल के महीनों में द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई मिली है।

मोदी-पुतिन बैठक में किन मुद्दों पर होगी चर्चा?

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात में कई वैश्विक और द्विपक्षीय मुद्दों पर विस्तार से बातचीत हो सकती है।

भारतीय कंपनियां रूसी बाजार में अपनी मौजूदगी बढ़ाने में रुचि दिखा रही हैं। वहीं रूस भी भारतीय बाजार में अपने उत्पादों और व्यवसायों की मौजूदगी बढ़ाने के लिए उत्सुक है। इसी से जुड़े मुद्दों पर भी दोनों नेताओं के बीच चर्चा होने की उम्मीद है।

जारी सैन्य संघर्ष और मोर्चे की मौजूदा स्थिति भी बातचीत का हिस्सा हो सकती है। इसके अलावा खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर उसके नकारात्मक प्रभाव को लेकर भी चर्चा होने की उम्मीद है।

रूस का मानना है कि हालिया घटनाक्रम वैश्विक अर्थव्यवस्था और एनर्जी सप्लाई व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं।

परिवहन और लॉजिस्टिक्स पर भी जोर

बैठक में अंतरराष्ट्रीय परिवहन कॉरिडोर और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी परियोजनाओं में सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा।

BRICS 2026 में भारत-रूस बैठक का महत्व

भारत की अध्यक्षता में 18वां BRICS शिखर सम्मेलन नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित हो रहा है। यह सम्मेलन भारत के रणनीतिक संतुलन और 'ग्लोबल साउथ' की आवाज को मजबूत करने के दृष्टिकोण से बेहद अहम माना जा रहा है।

BRICS Summit के दौरान राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के अलावा चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत कई अन्य वैश्विक नेताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की द्विपक्षीय बैठकों की संभावना है।