प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वडोदरा में जेन-जी से 25 मिनट संवाद किया। इस कार्यक्रम के लिए 6 हजार युवाओं को बुलाया गया था। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए खास तौर पर वाई आकार का रैंप बनाया गया था। भाषण से पहले पीएम रैंप पर चलकर युवाओं के बीच पहुंचे। मंच पर पहुंचते ही क्वीन का मशहूर गाना ‘वी विल रॉक यू’ बजाया गया। इसके बाद ‘धुरंधर’ का गाना ‘आरी आरी’ भी बजा।
कार्यक्रम की सीटें फ़ुल
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर वडोदरा में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजकों के मुताबिक ऑनलाइन टिकट बिक्री शुरू होने के करीब एक घंटे के भीतर ही कार्यक्रम की सभी सीटें बुक हो गई थीं। कार्यक्रम में संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। इनमें क्वीन बैंड का लोकप्रिय गीत ‘वी विल रॉक यू’ भी शामिल रहा। इस माहौल के बीच प्रधानमंत्री ने विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर अपनी सरकार की प्राथमिकताएं गिनाईं।
'झूठ की गूंज' को हराएगा सच
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘छात्रों की गूंज’ पहल पर तंज कसते हुए कहा कि देश का युवा सच्चाई के साथ खड़ा रहेगा और ‘झूठ की गूंज’ से गुमराह नहीं होगा। विपक्ष पर पीएम ने 'नाराज फूफा' वाला निशाना फिर साधा।
मोदी ने मंगलवार 8 सितंबर 2026 वडोदरा में 35,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते समय यह टिप्पणी की। इस जनसभा में ज्यादातर युवा शामिल थे।
AI पर फ़ोकस
उन्होंने युवाओं से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल करने का भी आग्रह किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आपको हर जगह ऐसे लोग मिलेंगे जो ‘झूठ की गूंज’ के जरिये आपको गुमराह करने की कोशिश करेंगे लेकिन आज का युवा सच्चाई के साथ खड़ा रहेगा।
यह है छात्रों की गूंज अभियान
‘छात्रों की गूंज’ कांग्रेस द्वारा शुरू किया गया छात्रों से संवाद का एक अभियान है जिसके तहत देश के विभिन्न शहरों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कांग्रेस इस अभियान के जरिये परीक्षा प्रश्नपत्र लीक, महंगी शिक्षा, सरकारी भर्तियों में अनियमितताओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को घेरने की कोशिश कर रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि युवा देख सकते हैं कि सरकार सौर, पवन, जलविद्युत और परमाणु ऊर्जा समेत विभिन्न क्षेत्रों में कितनी गंभीरता से काम कर रही है। मोदी ने युवाओं से कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में विशेषज्ञ बनने का आह्वान भी किया।
'ये विकास से कभी खुश नहीं हो सकते'
गुजरात के वडोदरा में ‘नमो फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर एक बार फिर तीखा हमला बोला। उन्होंने विकास परियोजनाओं का जिक्र करते हुए विपक्ष पर तंज कसा और कहा कि कुछ लोग भारत के विकास से कभी खुश नहीं हो सकते। प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में देश की बदलती तस्वीर, रेल संपर्क, माल ढुलाई और तकनीकी क्षमता को सरकार की उपलब्धियों से जोड़ते हुए अपनी बात रखी।