इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट मुकाबलों में पाकिस्तान के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने खिलाड़ियों के अनुशासन और व्यवहार से जुड़े मामलों की आंतरिक जांच शुरू कर दी है। हेडिंग्ले और लॉर्ड्स में मिली लगातार हार के बाद बोर्ड ने यह कदम उठाया है।
दौरे के बीच में ही विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान, ओपनिंग बल्लेबाज इमाम-उल-हक और टी20 कप्तान सलमान अली आगा समेत सात खिलाड़ियों को स्वदेश वापस भेज दिया गया था।
खिलाड़ियों के अनुशासन को लेकर जांच शुरू
पीसीबी के मीडिया और डिजिटल कम्युनिकेशंस डायरेक्टर आमिर मीर ने स्थानीय मीडिया में ड्रेसिंग रूम की अशांति से जुड़ी खबरों के बाद आंतरिक समीक्षा शुरू किए जाने की पुष्टि की है।
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि खिलाड़ियों को बीच दौरे से वापस भेजने का फैसला केवल खराब प्रदर्शन की वजह से नहीं था। पाकिस्तानी मीडिया में यह भी दावा किया गया है कि कुछ खिलाड़ियों ने अपने फोन पीसीबी को दिए हैं और ये डिवाइस अंतिम टेस्ट मैच तक बोर्ड के पास रहेंगे। हालांकि, इन दावों पर पीसीबी की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
PCB ने अटकलों पर भरोसा न करने की दी सलाह
आमिर मीर ने सोमवार को अपने एक्स अकाउंट पर कहा कि अनुशासन और आचरण से जुड़ी मीडिया खबरों के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आंतरिक अनुशासनात्मक जांच शुरू की है। उन्होंने कहा कि इन मामलों की अभी आंतरिक रूप से समीक्षा की जा रही है और पीसीबी ऐसे मामलों को अपनी मानक प्रक्रियाओं के अनुसार संभालता है।
मीर के मुताबिक, यह प्रक्रिया पीसीबी के नियमों के तहत की जा रही है, ताकि सभी संबंधित व्यक्तियों की बात पर उचित ध्यान दिया जा सके।
इस बीच मुख्य कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को भी घर वापस भेज दिया गया था। उनकी जगह माइक हेसन और एशले नोफके ने ली है।
मीर ने कहा कि कुछ प्लेटफॉर्म पर चल रही अटकलों वाली खबरों और बिना पुष्टि किए गए दावों, खासकर विरोधी बाहरी स्रोतों से आने वाली खबरों को इस समय विश्वसनीय नहीं माना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पीसीबी फिलहाल और कोई टिप्पणी नहीं करेगा। बोर्ड ने हितधारकों और जनता से पीसीबी की आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की सलाह दी है।
मोहसिन नकवी के नेतृत्व वाले PCB की आलोचना
मोहसिन नकवी के नेतृत्व वाले पीसीबी प्रशासन को विदेशी दौरे के बीच इस तरह के अभूतपूर्व कदम उठाने के लिए पूर्व खिलाड़ियों और विशेषज्ञों की कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा है। वहीं, पाकिस्तान इस समय विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की अंक तालिका में सबसे नीचे चल रहा है।
पाकिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज का पहला मैच पारी और 103 रन से गंवाया था। इसके बाद दूसरे टेस्ट में उसे 194 रन से हार मिली। इस तरह पाकिस्तान सीरीज गंवा चुका है।
अब नौ सितंबर से शुरू होने वाले तीसरे मैच में पाकिस्तान के सामने जीत के साथ लाज बचाने का लक्ष्य होगा।