Ram Mandir Trust: पद से हटने के बाद भी चंपत राय एक्टिव, 3 घंटे बैठक बाद दिए बड़े निर्देश!

Ram Mandir Trust: पद से हटने के बाद भी चंपत राय एक्टिव, 3 घंटे बैठक बाद दिए बड़े निर्देश!

Ayodhya: अयोध्या के राम मंदिर परिसर में रविवार को पूर्व महासचिव चंपत राय की सक्रिय मौजूदगी सामने आई। पद से विदाई और ट्रस्ट की नई टीम बनने के बाद वह पहली बार इस तरह मंदिर परिसर पहुंचे। चंपत राय ने ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र के साथ यात्री सेवा केंद्र का दौरा किया और वहां तैनात 12 से अधिक कर्मचारियों के साथ करीब तीन घंटे तक बंद कमरे में व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की।

चर्चा के बाद यात्री सेवा केंद्र, दर्शन मार्ग और निकास मार्ग के आसपास सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के लिए 34 सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। मंदिर में चढ़ावे की रकम से जुड़ी चोरी की घटना के बाद व्यवस्थाओं और निगरानी को लेकर लगातार मंथन चल रहा है।

ट्रस्ट में पद नहीं, फिर भी व्यवस्थाओं पर सक्रियता

नई टीम के गठन के बाद चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्र की ट्रस्ट में औपचारिक वापसी की संभावनाएं लगभग खत्म मानी जा रही हैं। इसके बावजूद मंदिर की व्यवस्थाओं से जुड़े अहम मामलों में चंपत राय की सक्रियता देखने को मिली है।

उनकी रविवार की गतिविधि के बाद यह चर्चा भी सामने आई कि पद समाप्त होने के बावजूद मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर उनके लंबे अनुभव का इस्तेमाल अनौपचारिक स्तर पर किया जाता रहेगा।

कर्मचारियों को कैमरों की खरीद को लेकर भी निर्देश

यात्री सेवा केंद्र में हुई चर्चा के दौरान सीसीटीवी कैमरों की खरीद को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। सूत्रों के अनुसार, कर्मचारियों से कहा गया कि सभी कैमरे किसी एक स्थान से नहीं खरीदे जाएं।

एक कर्मचारी ने बताया कि चंपत राय के कुछ मेहमान दक्षिण भारत से अयोध्या आए थे और वह उन्हीं से मिलने के लिए यात्री सेवा केंद्र पहुंचे थे।

वहीं, राम मंदिर के ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास ने कहा कि उन्हें चंपत राय के यात्री सेवा केंद्र जाने और कर्मचारियों के साथ चर्चा करने की कोई जानकारी नहीं है।