यमुना शुद्धिकरण की योजनाओं के उद्घाटन पर विपक्ष पर बरसे गृह मंत्री

यमुना शुद्धिकरण की योजनाओं के उद्घाटन पर विपक्ष पर बरसे गृह मंत्री
हाइलाइट्स
• दिल्ली में 8,941 करोड़ की 43 परियोजनाएं
• यमुना में डुबकी के वादे पर केजरीवाल को घेरा
• राहुल गांधी पर भी बरसे अमित शाह
• दिल्ली में हर घर तक शुद्ध पानी पहुंचाने का दावा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को दिल्ली जल बोर्ड की 43 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। यमुना नदी के पुनरुद्धार और जल व्यवस्था से जुड़ी इन परियोजनाओं पर कुल 8,941 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस मौके पर शाह ने दिल्ली में यमुना की सफाई के लिए किए जा रहे कामों का जिक्र किया और कांग्रेस तथा आम आदमी पार्टी पर राजनीतिक हमले किए। उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर यमुना में डुबकी लगाने का वादा पूरा नहीं करने का आरोप भी लगाया।

दिल्ली जल बोर्ड की 43 परियोजनाओं पर 8,941 करोड़ रुपये खर्च होंगे

अमित शाह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में सरकार बनने के एक महीने के भीतर यमुना को स्वच्छ बनाने के लिए एक बड़ी बैठक की थी। इसमें यमुना के शुद्धिकरण की योजना दिल्ली सरकार और गृह मंत्रालय के सामने रखी गई थी।

शाह ने दावा किया कि कम समय में 40 प्रतिशत से ज्यादा काम पूरा किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि करीब 9 हजार करोड़ रुपये की योजना के तहत गंदे पानी को साफ करने और पीने के पानी से जुड़ी योजनाओं का उद्घाटन तथा शिलान्यास किया जा रहा है।

केजरीवाल पर यमुना में डुबकी लगाने के वादे को लेकर निशाना

गृह मंत्री अमित शाह ने आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल पर यमुना की सफाई को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा, 'केजरीवाल जी आपने 3 बार यमुना में डुबकी लगाने का झूठा वादा किया। आपने तो डुबकी नहीं लगाई लेकिन आपके कटआउट को डुबकी लगवाई तो वो भी बीमार हो गया और एम्स में भर्ती करना पड़ा।'

शाह ने आरोप लगाया कि यमुना को साफ करने के लिए पिछली सरकार ने काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने इस दिशा में काम किया है और तीन साल का एक्शन प्लान तैयार किया गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली के हर घर को सीवरेज कनेक्शन देने और प्रत्येक घर तक साफ पीने का पानी पहुंचाने का काम भाजपा करेगी।

वोट चोरी के आरोपों पर राहुल गांधी और कांग्रेस को जवाब

अमित शाह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकारें लगातार चुनी जा रही हैं और विपक्ष इसके लिए वोट चोरी का आरोप लगा रहा है।

शाह ने कहा, 'राहुल गांधी आपको और आपके साथियों को पूरा देश समझ रहा है और समझ भी गया है। वोट चोरी करके आप घुसपैठियों का वोट बचाना चाहते हो।'

उन्होंने कांग्रेस पर चुनावी हार के बाद कभी ईवीएम तो कभी वोट चोरी का बहाना बनाने का आरोप लगाया। शाह ने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार बनने से पहले भी कांग्रेस कई राज्यों में चुनाव नहीं जीत पाई थी।

आम आदमी पार्टी पर भ्रष्टाचार और बहाने की राजनीति का आरोप

गृह मंत्री ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर पिछली सरकारों के दौरान बहाने बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां केंद्र से मदद नहीं मिलने की बात कहती थीं।

शाह ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, 'केजरीवाल जी मेरे पास आपकी हर बात का जवाब है मगर मैं जवाब तब दूंगा जब पंजाब में भी आप सरकार को हम उखाड़कर फेंक देंगे।'

उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने आंदोलन के नाम पर सत्ता हासिल की और भ्रष्टाचार किया। शाह ने कूड़े के पहाड़ों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा ने उन्हें कम करने का काम किया है। उन्होंने दावा किया कि दो साल बाद वहां बगीचा दिखाई देगा।