हाइलाइट्स
• सोनिया गांधी की किताब 10 नवंबर को होगी लॉन्च
• राजीव गांधी से पहली मुलाकात का किस्सा किया साझा
• बोलीं- दशकों से दूसरे बताते आए मेरी कहानी, अब मेरी बारी
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी अपनी पहली किताब के जरिए राजीव गांधी के साथ जुड़ी यादों और अपने जीवन के सफर को साझा करने जा रही हैं। 'बिलॉन्गिंग - अ जर्नी ऑफ लव' नाम की यह किताब 10 नवंबर को लॉन्च होगी। इससे पहले सोनिया गांधी ने अपनी किताब को लेकर कहा कि दशकों से दूसरे लोग उनकी 'कहानी' बताते आए हैं, लेकिन अब अपनी बात रखने की बारी उनकी है। उन्होंने यह भी कहा कि किताब सामने आने पर कुछ तमाशा होना तय है।
24 अक्तूबर को साझा किए गए करीब दो मिनट के वीडियो में सोनिया गांधी ने कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से अपनी पहली मुलाकात का जिक्र किया था। इस दौरान उन्होंने दोनों की तस्वीरों के साथ उस रेस्तरां की तस्वीर भी दिखाई, जहां उनकी पहली मुलाकात हुई थी।
कैम्ब्रिज के ग्रीक रेस्तरां में शुरू हुई थी प्रेम कहानी
सोनिया गांधी ने अपने पहले 'एक्स' पोस्ट में राजीव गांधी के साथ अपने रिश्ते की शुरुआत को याद किया था। उन्होंने लिखा था, 'कैम्ब्रिज के एक छोटे से ग्रीक रेस्तरां में मेरे प्यार का सफर शुरू हुआ। राजीव और मैंने प्यार, हंसी और यादों से भरी एक दुनिया बनाई। 10 नवंबर को, मैं उस दुनिया को आपके साथ साझा करूंगी।'
वीडियो में सोनिया गांधी ने बताया कि उन दिनों इंग्लैंड में उन्हें अपनी पसंद का इतालवी खाना ढूंढने के लिए जगह तलाशनी पड़ती थी। उस समय आज की तरह बहुत सारे रेस्तरां नहीं हुआ करते थे। इसी तलाश में उन्हें वर्सिटी रेस्तरां मिला, जहां कई यूरोपीय और भारतीय छात्र खाना खाने आते थे। इसी रेस्तरां में उनकी राजीव गांधी से मुलाकात हुई।
पहली मुलाकात में राजीव गांधी के व्यक्तित्व ने किया प्रभावित
सोनिया गांधी के मुताबिक, उनकी और राजीव गांधी की पहली मुलाकात एक कॉमन दोस्त के जरिए हुई थी। इसके बाद दोनों दोस्त बने और दोस्तों के साथ पार्टियों में जाने लगे। वे साथ घूमने-फिरने भी जाते थे। सोनिया गांधी ने बताया कि दोनों एक बार वैलेंटाइन पार्टी में भी गए थे, जहां काफी छात्र मौजूद थे।
राजीव गांधी को याद करते हुए उन्होंने कहा, 'जब मैं उनसे पहली बार मिली, तो मुझे तुरंत महसूस हुआ कि वह ऐसे इंसान हैं जिनके साथ मैं रहना चाहूंगी और जाहिर है, उनके मन में भी मेरे लिए यही भावनाएं थीं।'
उन्होंने राजीव गांधी के व्यक्तित्व और पहली मुलाकात के अनुभव को साझा करते हुए कहा, 'वह देखने में बहुत ही सौम्य इंसान लग रहे थे। बेशक, वह बहुत हैंडसम थे, लेकिन उनके व्यक्तित्व में वह सौम्यता साफ झलकती थी। इस बात ने मुझे सच में बहुत प्रभावित किया। इसलिए, उनसे पहली मुलाकात का वह पल मैं कभी नहीं भूल सकती।'
अपनी कहानी पाठकों के साथ साझा करेंगी सोनिया गांधी
'बिलॉन्गिंग - अ जर्नी ऑफ लव' सोनिया गांधी की पहली किताब है। इसमें राजीव गांधी के साथ उनकी यादों और शुरुआती दिनों से लेकर अब तक के सफर का जिक्र है। 10 नवंबर को किताब के लॉन्च के साथ सोनिया गांधी अपने जीवन से जुड़ी इन यादों को पाठकों के सामने रखेंगी।