Smriti Mandhana World Record: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ओपनर स्मृति मंधाना के पास पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले महिला टी20 एशिया कप मुकाबले में एक और बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में मंधाना अगर 78 रन बना लेती हैं, तो वह महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन जाएंगी।
मंधाना इस समय इस रिकॉर्ड की दौड़ में दूसरे नंबर पर हैं। उनसे आगे न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स हैं। मंधाना ने पिछले मुकाबले में मिताली राज का कीर्तिमान पीछे छोड़ते हुए महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। अब उनकी नजर महिला टी20 इंटरनेशनल के एक और बड़े रिकॉर्ड पर है।
सूजी बेट्स से आगे निकलने के लिए 78 रन जरूरी
महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड फिलहाल न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स के नाम है। उन्होंने 178 मुकाबलों में 4758 रन बनाए हैं।
वहीं, स्मृति मंधाना ने 173 टी20 मैचों में 4681 रन बनाए हैं। ऐसे में नंबर-1 पर पहुंचने के लिए भारतीय ओपनर को 78 रन की जरूरत है।
इस सूची में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर भी टॉप-3 में शामिल हैं। हरमनप्रीत ने 204 मैचों में 4231 रन बनाए हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ कैसा रहा है मंधाना का रिकॉर्ड?
पाकिस्तान के खिलाफ स्मृति मंधाना का प्रदर्शन अब तक उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। 2014 से 2026 के बीच उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 11 मैचों की 11 पारियों में कुल 307 रन बनाए हैं।
इस दौरान मंधाना के बल्ले से 2 अर्धशतक निकले हैं और पाकिस्तान के खिलाफ उनका सर्वाधिक स्कोर 68 रन है। ऐसे में आज के मुकाबले में उनसे एक बड़ी पारी की उम्मीद होगी।
मंधाना एशिया कप में अच्छी फॉर्म में भी नजर आई हैं। हांगकांग के खिलाफ पिछले मैच में उन्होंने तूफानी शतक लगाया था।
पाकिस्तान के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी
भारतीय टीम सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी है। पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में टीम इंडिया की कोशिश ग्रुप में टॉप पर रहने की होगी।
भारत ने थाइलैंड और हांगकांग के खिलाफ पिछले दो मैचों में दमदार बल्लेबाजी की थी। थाइलैंड के खिलाफ भारतीय टीम ने 94 रन से जीत दर्ज की, जबकि हांगकांग को 137 रन के बड़े अंतर से हराया।
पाकिस्तान के खिलाफ भी भारतीय बल्लेबाजों की भूमिका अहम रहने वाली है। दोनों टीमों के बीच अब तक 17 मैच खेले गए हैं, जिसमें भारत ने 14 और पाकिस्तान ने 3 मुकाबले जीते हैं।
मंधाना के पास इतिहास बदलने का मौका
पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में 78 रन बनाते ही स्मृति मंधाना महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन जाएंगी। ऐसे में उनकी पारी पर सबकी नजर रहेगी।