ENG vs PAK: बिगड़ी तबीयत पर बाबर आजम ने दिया अपडेट, वाकई बीमार या फिर बहाना?

ENG vs PAK:  बिगड़ी तबीयत पर बाबर आजम ने दिया अपडेट, वाकई बीमार या फिर बहाना?

Babar Azam Health Update: इंग्लैंड में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बीच चल रही हलचल के दौरान कप्तान बाबर आजम की तबीयत बिगड़ने की खबर ने चिंता बढ़ा दी। पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, बाबर आजम को बुखार हुआ था और उनका अस्पताल में चेकअप भी कराया गया। इसी बीच बाबर ने खुद अपनी सेहत को लेकर अपडेट दिया है।

लंदन में बाबर आजम ने कहा कि अब वह बिल्कुल ठीक हैं। उन्होंने यह बात पाकिस्तान हाउस से लौटते समय कही।

बाबर आजम ने अपनी सेहत पर क्या कहा?

बाबर आजम ने लंदन में अपनी तबीयत को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि अब वह पूरी तरह ठीक हैं। इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम के मैनेजर नवीद अकरम चीमा ने भी बाबर को हुए बुखार को लेकर कहा था कि घबराने की बात नहीं है और वह जल्द इससे उबर जाएंगे।

पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि बाबर को डॉक्टर ने कम से कम 3 दिन आराम की सलाह दी है।

पाकिस्तान टीम में हार के बाद बड़े बदलाव

इंग्लैंड में खेली जा रही 3 टेस्ट की सीरीज के पहले दो मुकाबले गंवाने के बाद पाकिस्तान टीम में अफरा-तफरी का माहौल है। PCB ने बीच सीरीज में 7 खिलाड़ियों को बाहर कर उनकी जगह 5 नए चेहरों को मौका दिया है। खिलाड़ियों में बदलाव के साथ पाकिस्तान के कोचिंग स्टाफ में भी फेरबदल हुआ है। पाकिस्तान टेस्ट टीम के हेड कोच सरफराज अहमद और बॉलिंग कोच उमर गुल को हटा दिया गया है।

तीसरे टेस्ट के लिए उनकी जगह पाकिस्तान की व्हाइट बॉल टीम के कोच माइक हेसन और बॉलिंग कोच एश्ले नॉफके लंदन में टीम के साथ जुड़ चुके हैं।

बाबर आजम पर भी मंडरा रहा था बाहर होने का खतरा?

रिपोर्ट के मुताबिक PCB ने जिन 7 खिलाड़ियों को बीच सीरीज से बाहर किया है, उनमें बाबर आजम का नाम भी हो सकता था। हालांकि कप्तानी की जिम्मेदारी के चलते उन्हें साइडलाइन नहीं किया गया।

बाबर आजम ने इंजरी के कारण लीड्स में पहला टेस्ट नहीं खेला था। वहीं लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट की दोनों पारियों में वह कुल 14 रन ही बना सके।