पाकिस्तान के F-16 को गिराने वाले अभिनंदन ने छोड़ी एयरफोर्स, अब उड़ाएंगे कमर्शियल प्लेन

पाकिस्तान के F-16 को गिराने वाले अभिनंदन ने छोड़ी एयरफोर्स, अब उड़ाएंगे कमर्शियल प्लेन

Abhinandan Varthaman Quit IAF: ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान ने भारतीय एयरफोर्स से विदाई लेकर अपने करियर की नई पारी शुरू कर दी है। 2019 में मिग-21 बाइसन से पाकिस्तान के F-16 फाइटर जेट को मार गिराने के बाद चर्चा में आए अभिनंदन ने मार्च 2026 में एयरफोर्स से प्रीमेच्योर रिटायरमेंट लिया। अब वह जल्द ही रीजनल एयरलाइंस Fly91 ज्वाइन करेंगे और कमर्शियल प्लेन उड़ाते नजर आएंगे।

अभिनंदन वर्धमान की एयरफोर्स में 22 साल की सर्विस रही। इस दौरान वह विंग कमांडर से ग्रुप कैप्टन बने और वीर चक्र से भी सम्मानित हुए।

27 फरवरी 2019 को F-16 गिराने के बाद पाकिस्तान में हुए थे कैद

27 फरवरी 2019 को भारत और पाकिस्तान के बीच हवाई संघर्ष के दौरान अभिनंदन वर्धमान ने मिग-21 बाइसन से पाकिस्तान का F-16 फाइटर जेट मार गिराया था। इसी दौरान उनका मिग-21 बाइसन भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

फाइटर जेट क्रैश होने लगा तो अभिनंदन ने सीट इंजेक्ट कर दी और पैराशूट के जरिए पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के भीमबेर जिले के होर्रान गांव में लैंड किया। यह जगह LOC यानी भारतीय सीमा से 7 किलोमीटर दूर थी।

इसके बाद पाकिस्तानी रेंजर उन्हें पकड़कर अपने साथ ले गए। भारत की चेतावनी के बाद पाकिस्तान को अभिनंदन को वापस भारत को सौंपना पड़ा।

2021 में विंग कमांडर से बने ग्रुप कैप्टन

जब यह घटनाक्रम हुआ था, तब अभिनंदन श्रीनगर एयरबेस की 51वीं स्क्वाड्रन में विंग कमांडर के रूप में तैनात थे। पाकिस्तान की कैद से वापस आने के बाद सुरक्षा के लिहाज से मई 2019 में उन्हें राजस्थान के सूरतगढ़ एयरबेस पर पोस्टिंग दी गई।

सूरतगढ़ में अभिनंदन ने दोबारा मिग-21 फाइटर जेट उड़ाना शुरू किया। इसके बाद नवंबर 2021 में उन्हें पदोन्नत कर विंग कमांडर से ग्रुप कैप्टन बनाया गया।

मार्च 2026 में लिया एयरफोर्स से प्रीमेच्योर रिटायरमेंट

अभिनंदन वर्धमान ने इसी साल यानी 2026 के मार्च महीने में एयरफोर्स से प्रीमेच्योर रिटायरमेंट लिया। इसके साथ उनकी 22 साल की सर्विस का सफर खत्म हो गया।

अब वह कमर्शियल एविएशन में नई भूमिका में नजर आएंगे। रीजनल एयरलाइंस Fly91 ने भी उनके साथ जुड़ने की बात कंफर्म की है।

Fly91 के साथ उड़ाएंगे कमर्शियल प्लेन

एयरफोर्स से रिटायरमेंट के बाद अभिनंदन जल्द ही Fly91 ज्वाइन करेंगे। इसके बाद वह गोवा, हैदराबाद, बेंगलुरु समेत 12 रीजनल शहरों की उड़ानों के दौरान कमर्शियल प्लेन उड़ाते नजर आ सकते हैं।

Fly91 फिलहाल गोवा, कोच्चिन, हैदराबाद, बेंगलुरु, लक्षद्वीप, पुणे, अगाती और हुबली समेत टियर-2 और टियर-3 कैटेगरी के 12 शहरों के बीच उड़ान भरती है।