दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में लिया है। स्वतंत्र भारद्वाज पर आरोप है कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान उसने कॉकरोच जनता पार्टी की एक्टिविस्ट निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ मारपीट की थी। इस मामले में कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं ने स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पर प्रदर्शन किया था।
पुलिस ने 72 घंटे में गिरफ्तारी का दिया था भरोसा
पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पर हुए प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी के प्रतिनिधियों ने कहा था कि दिल्ली पुलिस ने आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। पुलिस ने FIR में SC-ST एक्ट की धारा भी जोड़ी है।
आश्वासन दिए जाने के कुछ ही घंटे बाद दिल्ली पुलिस की टीम स्वतंत्र भारद्वाज की तलाश में बुलंदशहर पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह वहां से फरार हो गया था।
सूत्रों के मुताबिक, भारद्वाज नैथला गांव से मोटरसाइकिल पर खुर्जा की ओर निकला था। अपनी पहचान छिपाने के लिए उसने हेलमेट पहन रखा था। उसकी तलाश के लिए सादे कपड़ों में पुलिस की कई टीमें लगाई गईं। पुलिस ने तलाशी के दौरान स्थानीय पत्रकारों से भी पूछताछ की। काफी प्रयास के बाद पुलिस स्वतंत्र भारद्वाज को हिरासत में लेने में कामयाब हुई।
मारपीट के आरोपों पर स्वतंत्र भारद्वाज ने क्या कहा था?
शुक्रवार को स्वतंत्र भारद्वाज ने जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान निशु आजाद के पिता के साथ मारपीट के आरोपों पर अपनी सफाई दी थी। उसने इसे आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई बताया था।
भारद्वाज का कहना था कि जिस घटना को हमला बताया जा रहा है, वह वास्तव में आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई थी। उसने दावा किया था कि अगर ऐसा नहीं किया जाता, तो भीड़ उनकी पीट-पीटकर हत्या कर सकती थी।
पॉडकास्ट क्लिप सामने आने के बाद आया सफाई वाला बयान
स्वतंत्र भारद्वाज की यह सफाई सोशल मीडिया पर सामने आई एक पॉडकास्ट क्लिप के बाद आई थी। इंटरव्यू में खुद को 'कट्टर हिंदू' बताने वाला भारद्वाज वीडियो में यह स्वीकार करते हुए देखा जा सकता है कि प्रदर्शन के दौरान उसने निशु आजाद के पिता संजय कुमार की खोपड़ी फोड़ दी।
वीडियो में वह यह भी कहता नजर आया कि अपराध की गंभीरता के बावजूद वह जेल जाने से बच गया। इसके बाद कॉकरोच जनता पार्टी ने आरोप लगाया था कि दिल्ली पुलिस भारद्वाज के खिलाफ पर्याप्त कार्रवाई करने में विफल रही।
चिराग पासवान ने कहा- मेरे नाम का गलत इस्तेमाल किया गया
इस मामले के बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का बयान भी सामने आया है। चिराग पासवान ने कहा है कि उनके नाम का गलत इस्तेमाल किया गया है और वह स्वतंत्र भारद्वाज को नहीं जानते।
चिराग पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी निशु आजाद के परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि उन्होंने इसकी शिकायत की है और इस मामले में दिल्ली पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।