टाइगर श्रॉफ ने 9 करोड़ रुपये में बेचा खार वेस्ट का फ्लैट, फायरिंग की घटना के 4 दिन बाद हुई डील

टाइगर श्रॉफ ने 9 करोड़ रुपये में बेचा खार वेस्ट का फ्लैट, फायरिंग की घटना के 4 दिन बाद हुई डील
हाइलाइट्स
• टाइगर श्रॉफ ने खार वेस्ट का फ्लैट 9 करोड़ रुपये में बेचा
• 22 अक्टूबर को हुई प्रॉपर्टी डील की रजिस्ट्री
• 2018 में 7.61 करोड़ रुपये में खरीदा था अपार्टमेंट

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ ने मुंबई के खार वेस्ट स्थित अपना अपार्टमेंट 9 करोड़ रुपये में बेच दिया है। इस प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री 22 अक्टूबर को हुई। गौरतलब है कि इससे चार दिन पहले, 18 अक्टूबर को जुहू में टाइगर श्रॉफ की गाड़ी को निशाना बनाकर फायरिंग की घटना हुई थी।

यह अपार्टमेंट खार वेस्ट की 18वीं रोड स्थित रुस्तमजी पैरामाउंट को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी के डी विंग की नौवीं मंजिल पर है। इस सौदे में दो कवर्ड पार्किंग स्पेस भी शामिल हैं। प्रॉपर्टी के रजिस्ट्रेशन के दौरान खरीदारों ने 54 लाख रुपये की स्टांप ड्यूटी चुकाई।

कितना बड़ा है टाइगर श्रॉफ का बेचा गया अपार्टमेंट?

रियल एस्टेट डेटा एनालिटिक्स फर्म CRE Matrix की ओर से साझा किए गए दस्तावेजों के मुताबिक, अपार्टमेंट का कारपेट एरिया 1,291.14 वर्ग फुट है। इसके अलावा, इसमें 95.80 वर्ग फुट का अतिरिक्त विशेष क्षेत्र भी शामिल है।

इस प्रॉपर्टी की बिक्री करीब 64,891 रुपये प्रति वर्ग फुट की दर से हुई। सौदे में फ्लैट के साथ दो कवर्ड कार पार्किंग की जगहें भी दी गईं।

2018 में 7.61 करोड़ रुपये में खरीदा था फ्लैट

दस्तावेजों के अनुसार, टाइगर श्रॉफ ने 17 जुलाई 2018 को डेवलपर कीस्टोन रियल्टर्स प्राइवेट लिमिटेड से यह अपार्टमेंट 7.61 करोड़ रुपये में खरीदा था। अब इसे 9 करोड़ रुपये में बेचा गया है।

स्क्वायर यार्ड्स (Square Yards) द्वारा जांचे गए दस्तावेजों के मुताबिक, करीब एक साल पहले टाइगर श्रॉफ ने इसी प्रोजेक्ट में एक और फ्लैट 15.6 करोड़ रुपये में बेचा था। उस सौदे में उन्हें लगभग 31% का मुनाफा हुआ था।

पुणे की प्रॉपर्टी भी बेच चुके हैं टाइगर श्रॉफ

ज़ैपकी (Zapkey) द्वारा हासिल किए गए प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ ने 2026 में इससे पहले पुणे के हडपसर में एक रिहायशी प्रॉपर्टी 8.87 करोड़ रुपये में बेची थी।

ज़ैपकी के अनुसार, उन्होंने यह प्रॉपर्टी मार्च 2024 में 7.5 करोड़ रुपये में खरीदी थी। इस निवेश पर उन्हें 18.3% का कुल रिटर्न मिला।