राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर राहुल की मोदी को चिट्ठी

राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर राहुल की मोदी को चिट्ठी

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने संयुक्त रूप से एक पत्र लिखकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट

के वित्तीय मामलों की स्वतंत्र और व्यापक जांच का आदेश देने की माँग की है।

सोशल मीडिया पर पोस्ट किये गये इस पत्र में काँग्रेस के दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री से इस मुद्दे पर चुप्पी तोड़ने, जवाबदेही तय करने और नुकसान की भरपाई सुनिश्चित करने की माँग की है।

पत्र में दोनों नेताओं ने लिखा है, “ऐसे अपराध के मामले में आपकी चुप्पी स्वीकार्य नहीं है। जवाबदेही तय करना और नुकसान की भरपाई सुनिश्चित करना आपका कर्तव्य है।”

काँग्रेस नेताओं ने इस चिट्ठी में कहा, “ हम आपसे आग्रह करते हैं कि आप तुरंत ट्रस्ट के वित्तीय मामलों की स्वतंत्र और व्यापक जांच का आदेश दें, जिसमें नकद, सोना और चांदी सहित सभी चढ़ावे का प्रबंधन शामिल हो। जांच के नतीजे और ट्रस्ट के खाते सार्वजनिक किए जाने चाहिए ताकि हर श्रद्धालु को पता चल सके कि उनके चढ़ावे का इस्तेमाल कैसे किया गया है।जो भी लोग इसके लिए जिम्मेदार पाए जाएं, उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए, चाहे उनका पद या प्रभाव कुछ भी हो।”

दोनों नेताओं ने कहा कि जिन लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था, भक्ति और भरोसे के साथ अपनी मेहनत की कमाई दान की थी, वे (राम मंदिर में )इस चोरी से खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

इस पत्र में नाम लिए बिना ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय का भी जिक्र किया गया है। काँग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार और ट्रस्ट की विश्वसनीयता इस बात पर निर्भर करती है कि कितनी पारदर्शिता और तेजी से इस मामले में कार्रवाई होती है।