Lucknow: बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने आकाश आनंद को लेकर बड़ा फैसला लिया है। 3 सितंबर 2026 को जारी पार्टी की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, मायावती ने कहा कि आकाश आनंद को अभी और अधिक परिपक्व यानी मेच्योर होने की जरूरत है और तब तक उन्हें पार्टी की बड़ी जिम्मेदारी देना उचित नहीं होगा।
मायावती ने आकाश आनंद को लेकर क्या कहा?
BSP की ऑल इंडिया बैठक में पार्टी और मूवमेंट से जुड़े कामकाज की समीक्षा की गई। इसी दौरान मायावती ने संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर दिशा-निर्देश दिए। प्रेस विज्ञप्ति में आकाश आनंद की भूमिका का भी उल्लेख किया गया है।
आकाश आनंद को काम करने की इजाजत दी थी
मायावती ने कहा कि मान्यवर कांशीराम जी जिस तरह पार्टी कार्य में परिवार के लोगों के सहयोग की अनुमति देते थे, लेकिन चुनाव लड़ने या चुनाव जीतने के बाद कोई पद देने के पक्ष में नहीं थे, उसी संकल्प पर वह भी कायम हैं।
इसी के तहत उन्होंने आकाश आनंद को पार्टी में काम करने की अनुमति दी थी। हालांकि, मायावती के मुताबिक, आकाश आनंद को अभी और अधिक परिपक्व होने की जरूरत है।
बड़ी जिम्मेदारी देने पर मायावती ने जताई असहमति
प्रेस विज्ञप्ति में मायावती ने कहा कि फिलहाल आकाश आनंद को पार्टी की बड़ी जिम्मेदारी देना उचित नहीं होगा। उन्होंने इसके पीछे चुनाव के दौरान विरोधियों द्वारा विभिन्न हथकंडों के इस्तेमाल से पार्टी को नुकसान पहुंचने से बचने के लिए समय की जरूरत का भी उल्लेख किया है।
BSP संगठन को मजबूत करने पर भी जोर
बैठक से पहले मायावती ने BSP के केंद्रीय कैंप कार्यालय में विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ पदाधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के साथ राज्यवार समीक्षा बैठक भी की। इसमें पार्टी संगठन की मजबूती और पदाधिकारियों के जनाधार से जुड़े मुद्दों पर पिछली बैठक में दिए गए दिशा-निर्देशों की प्रगति रिपोर्ट ली गई।
मायावती ने खास तौर पर उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में चुनाव की घोषणा से काफी पहले संगठन से जुड़े काम पूरे करने के निर्देश दिए। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 25 अगस्त को पंजाब और 31 अगस्त को उत्तर प्रदेश की अलग-अलग बड़ी पार्टी बैठक भी आयोजित की गई थी।
चुनावी रणनीति को लेकर भी बड़ा फैसला
BSP की प्रेस विज्ञप्ति में पार्टी की चुनावी रणनीति को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई है। इसमें कहा गया है कि पार्टी ने पूरे देश में सभी छोटे-बड़े चुनाव अकेले लड़ने का फैसला लिया है।
मायावती ने पार्टी और मूवमेंट के लक्ष्य को बताया सर्वोपरि
मायावती ने कहा कि उनके लिए बहुजन समाज का हित, कल्याण और अस्मिता तथा बीएसपी और बहुजन मूवमेंट का मिशनरी लक्ष्य सर्वोपरि है। उन्होंने पार्टी के संगठन और आगामी गतिविधियों को लेकर पदाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देशों का ईमानदारी और निष्ठा से पालन करने की हिदायत भी दी।